E-Paper
Trending

धान खरीदी का दबाव या पैसों का खेल? समिति प्रबंधक की संदिग्ध आत्महत्या ने खड़े किए कई सवाल।

धान खरीदी का दबाव या पैसों का खेल? समिति प्रबंधक की संदिग्ध आत्महत्या ने खड़े किए कई सवाल।

सरगुजा। केरजू सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक दिनेश गुप्ता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और धान खरीदी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला केवल एक व्यक्ति की मौत तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर किन परिस्थितियों ने एक जिम्मेदार समिति प्रबंधक को इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर किया । स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं कि, धान खरीदी को लेकर लगातार बनाया जा रहा दबाव, लक्ष्य पूर्ति की मजबूरी और संभावित अनियमितताओं की जिम्मेदारी ने प्रबंधक को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

सवाल उठ रहे हैं कि क्या धान खरीदी के नाम पर किसी तरह का प्रशासनिक या राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा था।

रात 1 बजे तक समिति में क्या चल रहा था?

इस मामले का सबसे रहस्यमय पहलू यह है कि दिनेश गुप्ता देर रात फिर से समिति कार्यालय क्यों पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे रात करीब 1 बजे तक समिति में मौजूद थे और इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली।

इससे कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं

क्या देर रात कोई नोटिस, फोन कॉल या दबावभरी बातचीत हुई थी?
क्या किसी तरह का लेन-देन या दस्तावेज़ी दबाव बनाया गया?
लेन-देन का एंगल, कौन जिम्मेदार?

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में पैसों के लेन-देन से जुड़ा पहलू भी सामने आ रहा है। यदि ऐसा है, तो यह सवाल और गहरा हो जाता है कि क्या समिति प्रबंधक पर किसी प्रकार की आर्थिक जवाबदेही या रिकवरी का दबाव डाला जा रहा था? क्या सिस्टम की खामियों का सारा बोझ एक कर्मचारी के कंधों पर डाल दिया गया।

आत्महत्या या सिस्टम की नाकामी?
यह घटना केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक असंवेदनशीलता का परिणाम भी मानी जा रही है। धान खरीदी जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में काम कर रहे अधिकारी और कर्मचारी यदि इस कदर मानसिक दबाव में हैं कि उन्हें अपनी जान देनी पड़े, तो जवाबदेही किसकी होगी? क्या उच्च अधिकारियों और संबंधित व्यवस्था की भूमिका की भी जांच होगी।

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
सीतापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस पर है कि जांच केवल आत्महत्या के कारणों तक सीमित रहेगी या उन लोगों तक भी पहुंचेगी, जिन्होंने कथित तौर पर दबाव बनाया। क्या कॉल डिटेल्स, समिति के रिकॉर्ड और धान खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच होगी, यह आने वाला समय बताएगा।

परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद।

दिनेश गुप्ता के परिजन गहरे सदमे में हैं। उनका कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि यह कदम उन्होंने अपनी मर्जी से उठाया या परिस्थितियों और दबावों ने उन्हें ऐसा करने पर मजबूर किया।
सवाल अब भी कायम

धान खरीदी का दबाव था या किसी घोटाले की परछाईं?
क्या दिनेश गुप्ता अकेले दोषी थे या सिस्टम ने उन्हें बलि का बकरा बना दिया?

जांच पूरी होने के बाद ही सच सामने आएगा, लेकिन फिलहाल यह मामला सिर्फ एक आत्महत्या नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था पर एक बड़ा आरोप  है।

Views: 0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker