
CG Mirror News
पत्थलगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरापारा (कठरापारा) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियों के बीच अचानक मातम छा गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहीं अब सिसकियां और आंसू गूंज रहे हैं। एक युवती ने शादी से ठीक पहले फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मिली जानकारी के अनुसार, सुखरापारा निवासी पंकज सिदार (25) का रायगढ़ जिले के पोतरा गांव की रहने वाली मोनिका सिदार (22) के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ रह रहे थे और परिवार की सहमति से उनकी शादी 13 से 15 अप्रैल के बीच तय की गई थी। शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं। 9 अप्रैल को मड़वा खंभा गाड़ने की रस्म की तैयारी भी की जा रही थी और माहौल पूरी तरह उत्सवमय था।
बताया जा रहा है कि इस बीच दुल्हन पक्ष के कुछ परिजनों के शादी में शामिल नहीं होने की बात सामने आई, जिससे मोनिका काफी आहत हो गई थी। यह बात उसके मन पर गहरा असर डाल गई और वह मानसिक तनाव में रहने लगी।
घटना की रात करीब 10 बजे मोनिका ने खाना खाने से इनकार कर दिया और अपना मोबाइल लेकर कमरे में चली गई। परिजनों को लगा कि वह सामान्य रूप से आराम करने गई है, लेकिन सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को शक हुआ। जब कमरे में जाकर देखा गया, तो मोनिका दुपट्टे के सहारे फांसी पर झूलती मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और पूरे घर में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पारिवारिक असहमति और मानसिक तनाव बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर कब तक सामाजिक दबाव और पारिवारिक असहमति युवाओं की जिंदगी पर इस तरह भारी पड़ती रहेगी। शादी जैसे पवित्र बंधन से पहले ही एक मासूम जिंदगी का यूं खत्म हो जाना, पूरे समाज के लिए सोचने का विषय बन गया है।
Views: 0




