
जशपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को फरसाबहार ब्लॉक मुख्यालय में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम भगवान मंदिर के चढ़ावा चोरी एवं कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पंचायत एवं बूथ कमेटियों के सदस्य, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आंदोलन का समर्थन किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामले में चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से दिलीप वैद्य, सुरेश नायक, जीतू जायसवाल, प्रशांत ताम्रकार, दोम्निक, प्रदीप, नबोर पन्ना, नमजीत मोहन चौहान, सरिता चौहान, राजू श्रीवास, चंद्रशेखर चौहान, भोला यादव सहित सैंकड़ो कांग्रेसी उपस्थित रहे।
Views: 0




