
CG Mirror News
जशपुर। ग्रामीण अंचल में पशुओं की रहस्यमयी मौतों को लेकर CG Mirror News द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन आखिरकार हरकत में आ गया है। पशुपालन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच टीम गठित कर दी है, जो प्रभावित गांवों में पहुंचकर मौत के कारणों का खुलासा करेगी। मिली जानकारी के अनुसार विकासखण्ड कुनकुरी के ग्राम रजौटी, कलिबा एवं कुरकुंगा में पशुओं की लगातार हो रही मौत और अजीब लक्षण जैसे पेट फूलना और मृत्यु के बाद नाक से खून का रिसाव ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया था। अब तक ऐसे 3 मामले सामने आ चुके हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पशुपालन विभाग ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाई है, जिसमें डॉ. सी.एस. चन्द्राकार, डॉ. नरोत्तम गोपाल, डॉ. सुधीर कुमार मिंज और डॉ. पारोश्री दिनकर शामिल हैं। यह टीम मौके पर पहुंचकर मृत पशुओं एवं अन्य पशुओं के नमूने एकत्र करेगी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाएगी।
विभाग के उप संचालक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि टीम 16 अप्रैल 2026 तक विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करे, जिसमें पशुओं की मौत के संभावित कारणों का पूरा उल्लेख हो। गौरतलब है कि CG Mirror News ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद ही प्रशासन की नींद टूटी और त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी बीमारी का पर्दाफाश हो सकेगा।
Views: 0




