
CG Mirror News
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआटोली NH-43 स्थित आश्रम गेट के सामने देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार KTM बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बोर्ड, पेड़ और पुलिया के चबूतरे से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गिनाबहार बरटोली निवासी जॉनसन कुजूर ने कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि 13 मई को बरटोली-गिनाबहार में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात करीब 1:30 बजे गुलशन केरकेट्टा अपनी KTM मोटरसाइकिल क्रमांक OD 03 AD 2384 से इग्नासियुस को बैठाकर जशपुर की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान 14 मई की रात लगभग 2:08 बजे महुआटोली आश्रम गेट के सामने बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले सड़क किनारे लगे लोहे के बोर्ड से टकराई, फिर पेड़ और पुलिया के चबूतरे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इग्नासियुस उछलकर पुलिया के नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गुलशन केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से होलीक्रॉस अस्पताल कुनकुरी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 7 बजे गुलशन ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-43 पर देर रात तेज रफ्तार बाइक चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं, क्योंकि एक छोटी सी गलती किसी की जिंदगी छीन सकती है।
Views: 0




