
ww.cgmirror.com
जशपुर बोरवेल्स रिग एसोसिएशन संघ द्वारा बोर बोरिंग खनन के रेट में वृद्धि करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। आज से जिलेभर में बोर खनन के नए रेट लागू हो गए हैं। इस फैसले से लंबे समय से घाटे में कार्य कर रहे बोरवेल्स रिग ऑनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है। एसोसिएशन द्वारा बताया गया कि बोरवेल्स खनन में उपयोग होने वाले टूल्स, पाइप, डीज़ल, मशीन पार्ट्स और लेबर रेट में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद पिछले करीब 10 वर्षों से बोर खनन का रेट नहीं बढ़ा था, जिससे बोर गाड़ी मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
हाल ही में कोतबा में आयोजित जशपुर बोरवेल्स रिग एसोसिएशन की बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से आज से बोर बोरिंग खनन के रेट बढ़ाने का निर्णय लिया। एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय मजबूरी में लिया गया है, ताकि बढ़ती लागत और घाटे की कुछ हद तक भरपाई की जा सके।
बैठक की अध्यक्षता श्री प्रकाशचंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन द्वारा तय किए गए नए रेट की जानकारी सभी बोर गाड़ी मालिकों और ग्राहकों को दे दी गई है और जिले में एक समान दर लागू रहेगी। बैठक में जशपुर जिले के 22 बोर गाड़ी मालिक मौजूद रहे, जिनमें प्रकाशचंद्र यादव, मनोज नायक, शिव गुप्ता, रुद्रा यादव, सुनील नविन, विकास यादव, डोलनारायण चौधरी, संतोष गुप्ता, श्रवण चिंता पैंकरा, कल्लू नायक, अविन खलखो सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
Views: 0




