
www.cgmirrornews.com
जशपुर :- जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साजबहार में एक युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रशांत पैकरा (पिता– ब्रिजमोहन पैकरा) निवासी साजबहार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात युवक घर पर था। परिजनों के मुताबिक, रात में शराब पीने को लेकर उसके पिता ने उसे नशा करने से मना किया था। इसके बाद युवक घर से निकल गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा। सुबह परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास स्थित एक आम के पेड़ के पास कोई व्यक्ति दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो युवक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल तपकरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Views: 0




