
CG Mirror News
जशपुर। जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में “रुपए दोगुने करने” का लालच देकर ग्रामीणों को ठगने वाले बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। hedgexfund नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए ठगी करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में ठगी की रकम लाखों में होने की आशंका जताई जा रही है और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम कापू टोली निवासी उर्मिला बाई (26) ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपियों ने खुद को नेटवर्क कंपनी का सदस्य बताते हुए 3 महीने में पैसा दोगुना करने का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए आरोपी बार-बार गांव पहुंचकर लोगों को समझाते रहे और निवेश के लिए प्रेरित करते रहे। झांसे में आकर उर्मिला बाई ने अलग-अलग तारीखों में कुल 1 लाख 70 हजार रुपए नगद और फोन पे के माध्यम से दिए, वहीं उनकी मां चंद्रमणि बाई ने भी 40 हजार रुपए निवेश किए। आरोपियों ने पीड़ितों को एक ऑनलाइन वॉलेट आईडी और पासवर्ड दिया, जिसमें रकम डॉलर में दिखती थी, जिससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया। लेकिन कुछ समय बाद वॉलेट बंद हो गया और सच्चाई सामने आ गई। जांच के दौरान पुलिस ने इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह शामिल हैं। इनमें से 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (JH-01FU-9460) भी जब्त की है, जिसे ठगी के पैसों से खरीदे जाने की आशंका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई ग्रामीणों को निशाना बनाकर इसी तरह ठगी करता था। प्रारंभिक जांच में ही लाखों रुपए की ठगी सामने आई है और आगे और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एएसआई अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज और महिला आरक्षक लीलावती यादव की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Views: 0




