
ब्रेकिंग जशपुर- एनएच-43 पर दो बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल..
जशपुर/पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे-43 स्थित भांटामुड़ा गांव के पास रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक मैनपाट से घूमकर रायगढ़ लौट रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक रोपा कार्य से लौटकर अपने गांव सुखरापारा जा रहे थे। इसी दौरान भांटामुड़ा गांव के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तत्काल सभी घायलों को सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना पत्थलगांव पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने समय रहते घायलों को एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल भिजवाया, जिससे बड़ा अनर्थ टल गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों बाइकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा रही है।
Views: 0




