
पति ने शराब के नशे में पत्नी की कर दी हत्या, जशपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जशपुर :- जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उबका तेंदूपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शराब के नशे में एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका पूजा उर्फ संपत्ति केरकेट्टा का 20 वर्षों पूर्व प्रेम विवाह ग्राम उबका निवासी जॉन केरकेट्टा से हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। 1 जुलाई को मृतिका के पिता सावन विश्वकर्मा, निवासी रतबा ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जून को उनके नाती ने बताया कि उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था, और उसके पिता ने उसकी मां के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और जांच शुरू की गई। आरोपी जॉन केरकेट्टा को जंगल से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में विवाद के दौरान उसने पहले पत्नी को थप्पड़ मारा, फिर उसकी पत्नी ने उस पर डंडे से हमला करने की कोशिश की। आरोपी ने डंडा छीनकर उसी से सिर पर वार किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है। आरोपी के जुर्म कबूल करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतलाल आयाम, एएसआई नरेंद्र मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे और बल्ली रवि की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Views: 0




