E-Paper

ब्रेकिंग जशपुर : – जंगल में 15 वर्षीय नर हाथी की संदिग्ध मौत,शरीर पर चोट के निशान; वनविभाग के मॉनिटरिंग व्यवस्था पर उठे सवाल।

CG Mirror News

जशपुर । जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र अंतर्गत नोनपानी जंगल ( रिजर्व फॉरेस्ट-737 ) में करीब 15 वर्षीय नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हाथी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सुबह खेत मालिक गणेश राम ने जंगल में हाथी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएफओ शशिकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पीठ और सूंड पर मिले चोट के निशान :

मृत हाथी के शरीर, खासकर पीठ और सूंड पर चोट के निशान पाए गए हैं। चोट के निशान सामने आने के बाद हाथी की मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसी क्षेत्र में पूर्व में जंगली सूअर के शिकार की घटनाएं सामने आने की बात भी कही जा रही है, जिसके चलते शिकार की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, हाथी की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। डीएफओ शशिकुमार ने बताया कि गोड़अम्बा के नोनपानी जंगल में करीब 15 वर्षीय नर हाथी का शव मिला है। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा। फिलहाल वन विभाग द्वारा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

जिस रेंज में मिला शव, विभागीय रिकॉर्ड में नहीं थी हाथी की मौजूदगी :

हाथी की मौत के साथ ही वन विभाग की मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। गुरुवार को जारी विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 36 हाथियों की मौजूदगी बताई गई थी। इनमें पत्थलगांव रेंज में सबसे अधिक 30 हाथियों की मौजूदगी दर्ज थी।
वहीं कुनकुरी रेंज में 1, तपकरा में 3, बगीचा में 1 और कांसाबेल में 1 हाथी की मौजूदगी दर्ज की गई थी। खास बात यह है कि दुलदुला रेंज के रिकॉर्ड में हाथियों की मौजूदगी दर्ज नहीं थी, जबकि इसी रेंज के नोनपानी जंगल में करीब 15 वर्षीय नर हाथी का शव बरामद हुआ है। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि दुलदुला क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी विभागीय ट्रैकिंग में दर्ज नहीं थी, तो हाथी इस क्षेत्र में कब और कैसे पहुंचा ? क्या उसकी गतिविधियों की नियमित निगरानी हो रही थी ? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल वन विभाग ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच और डॉग स्क्वॉड की सर्चिंग के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों, किसी हादसे या किसी अन्य वजह से हुई है।

www.cgmirror.com

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker