
स्विफ्ट डिजायर की डिक्की से 1 क्विंटल से अधिक मादक पदार्थ गांजा जाँच के दौरान बरामद , दो तस्कर गिरफ्तार..
जशपुर, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तपकरा थाना क्षेत्र के लावाकेरा बैरियर में कार्रवाई करते हुए एक कार की डिक्की से 1 क्विंटल 21 किलो 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त सामग्री की बाजार कीमत लगभग 36 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से मध्यप्रदेश की ओर जा रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर इलाके में तत्काल नाकाबंदी की गई। इसी दौरान लावाकेरा बैरियर पर संदिग्ध कार को रोका गया।
तलाशी में पुलिस को कार की डिक्की में पीले टेप से लिपटे कुल 100 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपनी पहचान अशोक कुमार यादव (23 वर्ष), निवासी खैरटोली, थाना वेंकटनगर, जिला अनूपपुर (म.प्र.) और निलेश कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी कुशीयारा, थाना भालूमाड़, जिला अनूपपुर (म.प्र.) के रूप में बताई।
पुलिस द्वारा जब उक्त सामग्री के वैध दस्तावेज मांगे गए तो दोनों युवक नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने गांजे के साथ कार, मोबाइल फोन और अन्य वस्तुएं जब्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा के संबलपुर जिले से लेकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जा रहे थे। जशपुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक जिलेभर में 705 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक भगत, सहायक उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रेमिका कुजूर, प्रधान आरक्षक अजय लकड़ा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Views: 0




