
पत्थलगांव में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का विरोध तेज, महिलाओं ने विधायक को सौंपा ज्ञापन..
जशपुर :- जिले के पत्थलगांव के लंजियापारा क्षेत्र में नए अंग्रेजी शराब दुकान के खुलने का स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं द्वारा तीव्र विरोध किया जा रहा है। पहले भी विवादों में रही इस दुकान को लेकर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद आबकारी विभाग ने रायगढ़ रोड पर नए स्थान की पहचान की थी।
हालांकि, आज एक बार फिर महिलाओं ने इस प्रस्तावित नए स्थान पर शराब दुकान खोलने का विरोध करते हुए विधायक गोमती साय के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दुकान पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि यदि यह दुकान खुलती है, तो उस क्षेत्र में मारपीट, सड़क दुर्घटना जैसी घटनाएं बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होगी।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि अभी तक दुकान के स्थान को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। फिलहाल केवल प्रस्तावित जगह पर दुकान बनाने की बात है और यह टेंडर प्रक्रिया में है। टेंडर खुलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुकान कहां खोली जाएगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन महिलाओं के विरोध को ध्यान में रखते हुए नए शराब दुकान के स्थान पर पुनर्विचार करता है या नहीं।
Views: 0




