
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान: चार गुमशुदा बेटियों को घर लौटाया, आरोपी गिरफ्तार
www.cgmirror.com
जशपुर : पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान निरंतर जारी है। बीते सप्ताह जशपुर पुलिस ने चार गुमशुदा बेटियों को खोज निकाला और उनके परिजनों को सौंपकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाई है। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवारों में राहत और विश्वास का माहौल बना है।
महाराष्ट्र से सकुशल वापस लाई गई नाबालिक, आरोपी गिरफ्तार
थाना सन्ना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिक बच्ची को आरोपी आनंद राम (24 वर्ष) द्वारा बहला-फुसलाकर महाराष्ट्र ले जाया गया था। 11 मई को बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। परिजनों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ग्राम गोवाना से गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि आरोपी आनंद ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया।
आरोपी आनंद राम के विरुद्ध बीएनएस की धारा 87, 64(2)(एम) और 4,6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक बृजेश यादव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
फरसाबहार में दो गुमशुदा महिलाओं का पता चला
थाना फरसाबहार क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिक बच्ची और एक 49 वर्षीय महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
पहले मामले में, नाबालिक बच्ची परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर उड़ीसा के एक गांव चली गई थी। पुलिस ने उसे परिजनों की मदद से बरामद किया।
दूसरे मामले में, महिला बाहर काम करने चली गई थी और वापस नहीं लौटी थी। पुलिस ने उसे रिश्तेदार के घर से दस्तयाब कर परिवार के हवाले किया।
पत्थलगांव में 13 वर्षीय बच्ची सकुशल वापस
थाना पत्थलगांव क्षेत्र की 13 वर्षीय नाबालिक बच्ची, जो परिजनों की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी, सीतापुर जिला अंबिकापुर में मिली। एक सभ्य परिवार ने बच्ची को आश्रय दिया और पुलिस को सूचित किया। पत्थलगांव पुलिस ने सीतापुर पहुंचकर बच्ची को दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा।
160 बच्चों को सकुशल लौटाया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान लगातार जारी है। अब तक 160 से अधिक गुमशुदा बच्चों को खोजकर परिजनों को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और हर लापता बच्चे को सुरक्षित उसके घर पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
जशपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि उनकी मुस्तैदी और जनहित में प्रतिबद्धता गुमशुदा बच्चों की जिंदगी में नई उम्मीद और परिजनों के चेहरों पर मुस्कान लौटा रही है।
Views: 0




