
cgmirror.com : जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 12 घंटे में अपहृत डेढ़ साल का बच्चा सकुशल बरामद…
जशपुर : दिनांक 17 मई 2025 की रात करीब 8 बजे आरती यादव (उम्र 18 वर्ष), निवासी मधुबन टोली, जशपुर अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ अंबिकापुर से ससुराल जशपुर आई थी। बस स्टैंड पर पति के इंतजार में बैठी थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति आया और बच्चे को पेप्सी दिलाने का बहाना कर अपने साथ ले गया। महिला द्वारा मना करने के बावजूद वह बच्चा लेकर अंदर चला गया और वापस नहीं लौटा।
महिला ने आसपास काफी खोजबीन की लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो वह थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एक विशेष टीम बनाई, जिसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कर रहे थे।
पुलिस टीम और साइबर सेल ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, क्षेत्र में पूछताछ की और बस स्टैंड व आस-पास के इलाकों में सघन जांच की। बच्चे की फोटो सोशल मीडिया और पुलिस ग्रुप्स में वायरल की गई। इसी दौरान मोटू जकबा गांव के सरपंच मनोज को सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चे की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसमें उन्होंने बच्चे को अपना बताया। आरोपी की पहचान आवेश पन्ना (उम्र 25 वर्ष) निवासी तपकरा बाधरकोना के रूप में हुई है, जो नशे का आदी बताया जा रहा है।
इस घटना में थाना जशपुर में गुम इंसान क्रमांक 31/2025 एवं अपराध क्रमांक 127/25 धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
जशपुर पुलिस की तत्परता और प्रयासों से एक मासूम की जान सुरक्षित बचाई गई, जिसकी सराहना हर ओर हो रही है।
Views: 0




