
CRIME : डेम किनारे बोरी में भरकर झाड़ियों में छुपाई गई थी दो युवकों की लाश,पुलिस ने किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार।
जशपुर पुलिस ने थाना तुमला क्षेत्र के दो गुमशुदा युवकों के मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवकों की मौत के बाद आरोपियों ने डेम के बगल में बोरी में भरकर उनकी लाशें बेसरम की झाड़ियों में छुपा दी थीं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं।
मृतकों की पहचान ग्राम सेरमाटोली, चौकी कोल्हेनझरिया निवासी दिलीप राम खड़िया (23 वर्ष) और विलियम कुजूर (31 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक 12 दिसंबर 2025 से लापता थे। परिजनों की सूचना पर 14 दिसंबर को थाना तुमला में गुम इंसान दर्ज किया गया था।
जांच में पता चला कि दोनों युवक ग्राम डांगबंधी के जंगल की ओर चिड़िया मारने गए थे। इसी दौरान जंगली सूअर के शिकार के लिए अरहर के खेत में बिछाए गए खुले बिजली करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। घटना से घबराकर आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दोनों शवों को बोरी में भरकर कागजपुड़ा डेम के बगल में बेसरम की झाड़ियों में छुपा दिया।
पुलिस की सघन जांच और मुखबिर की सूचना पर ग्राम डांगबंधी निवासी आयटू लोहार (30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डेम के पास झाड़ियों से दोनों शव बरामद किए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत का कारण करंट से झुलसना बताया गया।
पुलिस ने आरोपी आयटू लोहार के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 238 व 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में शामिल चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जो फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध रूप से जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली करंट तार के कारण दोनों युवकों की जान गई। आरोपियों ने शवों को डेम के पास छुपाया था। शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Views: 0




