
गणेश विसर्जन जुलूस में बोलेरो ने मचाया कहर, तीन की मौत 23 घायल, वही दुसरी घटना ओमनी-ट्रैक्टर भिड़ंत में चालक गंभीर।
जशपुर : जिले में बीती शाम दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक हादसा बगीचा कस्बे में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ, जबकि दूसरा हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कदम घाट के पास घटित हुआ। दोनों घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत हो गई है और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसों के बाद लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन दोनों घटनाओं की जांच में जुट गया है।
पहली घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर कदम घाट के पास शाम करीब सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक युवक शराब के नशे में ओमनी वैन चलाते हुए कदम घाट के पास पहुंचा। सड़क पर आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में उसने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओमनी का अगला हिस्सा ट्रैक्टर में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद चालक स्टेयरिंग के बीच फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दूसरी घटना बगीचा थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान रात करीब दस बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते लोग मूर्ति विसर्जन के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे भीड़ में घुस गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। बोलेरो की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत बगीचा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से कई गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जशपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग गुस्से में आ गए और बोलेरो चालक को पकड़ने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। पुलिस अधीक्षक ने दोनों स्थानों का दौरा करने के लिए अधिकारियों को भेजा और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि पत्थलगांव के हादसे में वाहन चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हो गई है, वहीं बगीचा के हादसे की जांच जारी है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं। त्योहार और भीड़भाड़ के समय यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है।
Views: 0




