
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: खजरीढाब में लाठी-डंडों से हमला, 9 आरोपी गिरफ्तार, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस का फ्लैग मार्च।
जशपुर के चौकी कोतबा अंतर्गत ग्राम खजरीढाब में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर फ्लैग मार्च भी निकाला गया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भुवन लाल यादव (52) निवासी ग्राम खजरीढाब ने चौकी कोतबा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2016 में आरोपी भद्देराम यादव द्वारा उनके पिता कन्हैयालाल से 20 डिसमिल जमीन का विधिवत विक्रय किया गया था। इसके बावजूद वर्ष 2025 में आरोपी द्वारा उसी भूमि से संबंधित अतिरिक्त जमीन अन्य व्यक्ति को बेच दी गई, जिसके बाद प्रार्थी के पिता की भूमि पर अवैध दावा किया जाने लगा।
दिनांक 23 दिसंबर 2025 को भूमि पर कब्जा करने के प्रयास को लेकर विवाद हुआ, सुबह लाठी-डंडों से लैस होकर प्रार्थी के घर पहुंचकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। हमले में प्रार्थी के पिता कन्हैयालाल पर प्राणघातक वार किया गया, जिससे वे बेहोश हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी कोतबा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 298, 351(2), 333, 115(2), 109(1), 190(1) व 191 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 9 आरोपियों को हिरासत में लिया तथा उनके कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त 6 लाठी-डंडे भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों में भद्देराम यादव (52), खीत्रोमणि यादव (52), तलेश्वर यादव (34), महेश्वर यादव (48), ललित यादव (52), जागेश्वर यादव (45), आगेश्वर यादव (32), रुशि यादव (52) एवं गोपी यादव (26) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम खजरीढाब, चौकी कोतबा, जिला जशपुर के निवासी हैं।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक नारायण साहू, प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा, एडमोन तिर्की एवं आरक्षक बूटा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जमीन विवाद में मारपीट और बलवा करने वाले सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
Views: 0




