
CG Mirror News
विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बागबहार क्षेत्र में पुलिस ने जंगल के रास्ते उड़ीसा ले जाए जा रहे 12 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को थाना बागबहार की टीम ग्राम कुकरगांव एवं खड़ामाचा की ओर जांच हेतु रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गौवंशों को जंगल के रास्ते हांकते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम तरुण चौहान (45 वर्ष), शोभन नागवंशी (47 वर्ष) एवं सीताराम नागवंशी (42 वर्ष) निवासी थाना बागबहार क्षेत्र बताए।
आरोपियों के पास गौवंशों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इस पर पुलिस ने 12 नग गौवंशों को जब्त कर सुरक्षित छुड़ाया तथा पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जशपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में गौ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Views: 0




