
पत्थलगांव-कापू सीमा पर हाथियों का आतंक, फसलों को रौंदा ग्रामीणों में दहशत का माहौल।
जशपुर। जिले के पत्थलगांव और कापू वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में हाथियों का उत्पात लगातार बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, करीब 14 हाथियों का एक दल इन दिनों पत्थलगांव रेंज के जंगलों में घूम रहा है। शुक्रवार की सुबह यह दल नारायणपुर के जंगलों से होते हुए कापू क्षेत्र में दाखिल हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड ने जंगल में चर रहे मवेशियों पर हमला कर दिया, हालांकि मवेशी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसी दौरान हाथियों ने धान, मूंगफली और टमाटर की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। लगातार बढ़ते हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल है। क्षेत्र के लोग अब रात में खेतों और गांव के बाहरी इलाकों में जाने से डर रहे हैं। वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग दल तैनात किया है। पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, समूह में ही बाहर निकलें और किसी भी तरह की घटना की तुरंत सूचना विभाग को दें।
Views: 0



