E-Paperमयाली कुनकुरी जशपुरसरगुजा

कुनकुरी कबीर आश्रम के सदस्यों को मिला सामुदायिक वन अधिकार पत्र, मुख्यमंत्री ने किया वितरण।

कुनकुरी कबीर आश्रम के सदस्यों को मिला सामुदायिक वन अधिकार पत्र, मुख्यमंत्री ने किया वितरण।

जशपुर :- प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में कुनकुरी विकासखंड के वार्ड सभा कुनकुरी अंतर्गत कबीर आश्रम के सदस्यों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी एवं वनाश्रित समुदायों के अधिकारों की रक्षा एवं उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक वन अधिकार पत्र का वितरण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह ग्रामीणों को उनके पारंपरिक अधिकारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इससे न केवल स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाया जा सकेगा, बल्कि वनों के संरक्षण और संवर्धन को भी नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वन क्षेत्र में निवास करने वाले समुदाय वर्षों से प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन यापन करते आए हैं। ऐसे में उन्हें उनके अधिकार सौंपना न्यायसंगत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने अधिकारों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए वनों की सुरक्षा एवं जैव विविधता के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सामुदायिक वन अधिकार पत्र के माध्यम से गांव की वन सुरक्षा समितियों को सशक्त किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को वन संसाधनों के उपयोग एवं प्रबंधन का अधिकार मिलेगा, जिससे उनकी आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ. लाल सिंह उम्मेद सहित अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि सामुदायिक वन अधिकार पत्र का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों को उनके परंपरागत अधिकार प्रदान करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जैव विविधता को सुरक्षित रखना है। इसके साथ ही गांव स्तर पर वन सुरक्षा समितियों को सक्रिय कर वनों को सुरक्षित और समृद्ध बनाए रखने की दिशा में सामूहिक प्रयास को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
इस पहल से कुनकुरी क्षेत्र के कबीर आश्रम के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अपने अधिकारों की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि इस अधिकार के मिलने से वे अपने जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker