
खेत में बिजली के नंगे तार बिछाने से युवक की मौत आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल।
जशपुर। थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम खूंटीटोली कस्तूरा में एक युवक की मौत खेत में करंट की चपेट में आने से हो गई। पुलिस ने मामले में खेत मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खूंटीटोली निवासी असलम एक्का (26 वर्ष) की मौत 23 सितंबर को खेत में करंट लगने से हुई थी। परिजनों ने इसकी रिपोर्ट थाना दुलदुला में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि खेत मालिक बलेरियम एक्का (53 वर्ष) ने अपने सब्जी बाड़ी के चारों ओर सौर झटका मशीन के तारों में हाई वोल्टेज बिजली की सप्लाई जोड़ दी थी।
बलेरियम ने यह तार बिना बिजली विभाग की अनुमति के करीब 800 मीटर दूर स्थित खंभे से जोड़े थे। इसी दौरान मृतक असलम एक्का अपने खेत की ओर जा रहा था और करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत हाई वोल्टेज बिजली के झटके से हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिजली के तार जब्त कर लिया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अकबर चौहान, विनोद राम, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा और नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि –
“खेतों या घरों के चारों ओर अवैध रूप से बिजली के नंगे तार लगाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कृत्य जानलेवा और दंडनीय है।”
Views: 0




