
जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र के वार्ड-5 स्थित भट्ठीकोना इलाके में रविवार सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर दो परिवारों के बीच पुराना विवाद अचानक भड़क गया। मामूली कहा-सुनी कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले ली और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे विवादित जमीन को लेकर दोनों परिवारों में फिर से तनातनी हुई। देखते ही देखते एक पक्ष द्वारा हथियार लहराते हुए हमला कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों पर भी हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बगीचा एसडीएम और थाना प्रभारी गौरव पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात को नियंत्रित किया और पूरे मामले का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सजन राम नगेशिया ने आरोप लगाया है कि विवादित जमीन पर यादव परिवार जबरन कब्जा किए बैठा है। उन्होंने बताया कि झांपीदहरा से आरोपी टांगी, लाठी-डंडों से लैस होकर आए और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। उनके बेटे और पत्नी को सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि सजन राम नगेशिया की शिकायत पर हमलावर पक्ष के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है, वहीं घायलों का उपचार जारी है।
Views: 0




