
जशपुर। पुलिस ने ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 कार सहित 552.16 किलोग्राम गांजा और कुल ₹1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये का माल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में एक इनोवा, एक ब्रेजा और एक आर्टिगा कार जब्त की गई। इनमें से इनोवा और ब्रेजा में गांजा की खेप ले जाई जा रही थी, जबकि आर्टिगा कार में सवार दो आरोपी तस्करों के लिए रेकी (निगरानी) कर रहे थे।
कुनकुरी क्षेत्र से 311.35 किलोग्राम और बगीचा क्षेत्र से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 552.16 किलोग्राम गांजे की कीमत ₹82.82 लाख तथा तीनों कारों की कीमत ₹38 लाख आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने 3 कार सहित कुल ₹1.20 करोड़ से अधिक का माल जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद समीर (26), दोनों निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के निर्देशन तथा डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में विभिन्न जिलों के समन्वय से की गई। जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ अभियान में 1269 किलोग्राम से अधिक गांजा, कफ सिरप, ब्राउन शुगर, नशीले इंजेक्शन और 14 वाहन जब्त कर 33 आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
Views: 0




