
ऑपरेशन अंकुश :पुलिस की बड़ी कामयाबी 5साल से फरार लाखों की ठगी का आरोपी गिरफ्तार।
जशपुर। ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 5 साल से फरार 30 लाख रुपए की ठगी का आरोपी अशोक बंजारे (40 वर्ष) को पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ (जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला वर्ष 2020 का है जब बगीचा थाना क्षेत्र के एक रिटायर्ड कर्मचारी से नकली सोना को असली बताकर सुनियोजित तरीके से 30 लाख रुपए की ठगी की गई थी। आरोपियों ने ठगी से प्राप्त रकम को सरपंची चुनाव और घरेलू खर्चों में उड़ा देने की बात स्वीकार की है।
इस ठगी प्रकरण में कुल 3 आरोपी शामिल थे। इनमें से सहआरोपी अनुप सोनी उर्फ विजय सूर्यवंशी को 2021 में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दूसरा आरोपी विनोद सूर्यवंशी की सड़क हादसे में मौत होने की जानकारी पुलिस को मिली है, जिसकी तस्दीक की जा रही है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनेन्द्रगढ़ में दबिश देकर आरोपी अशोक बंजारे को गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संतलाल आयाम, आरक्षक मुकेश पांडेय और बलिराम रवि की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा –
“ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ठगी के मामले में 5 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Views: 0




