
पेड़ बचाओ–पर्यावरण बचाओ: महाकुल यादव समाज का हरियाली मिशन
जशपुर, महाकुल यादव समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष श्री परमेश्वर यादव के आह्वान पर पूरे प्रदेश में महाकुल यादव समाज के लोगों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। समाज के लोगों ने मंदिर परिसर, अखंड मंडप, सामाजिक भवन, विद्यालय परिसर और अपने-अपने घरों के आसपास पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पेड़-पौधों की महत्ता को समझाना और लोगों को पेड़ नहीं काटने के लिए जागरूक करना रहा। समाज के सदस्यों ने बताया कि पेड़ सिर्फ छांव या लकड़ी का साधन नहीं बल्कि जीवनदायिनी ऑक्सीजन के स्रोत हैं, जो हमें प्रदूषण से लड़ने की ताकत देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज जिस तेजी से पेड़ काटे जा रहे हैं, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए खतरा बन सकता है। महाकुल यादव समाज के लोगों ने यह भी अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। केवल पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बड़ा करना और सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और बच्चों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज की गंभीर सोच और सक्रिय भागीदारी का प्रतीक बनकर सामने आया है। पेड़ बचाने और हरियाली को बढ़ाने का यह प्रयास एक प्रेरणा है कि समाज यदि एकजुट हो जाए तो पर्यावरण को बचाना कोई कठिन कार्य नहीं।
Views: 0




