E-Paperजशपुरनारायणपुरमयाली कुनकुरी जशपुर
Trending

www.cgmorror.com

पेशी के दौरान फरार गैंगरेप के दोषी दो आरोपी गिरफ्तार, जशपुर पुलिस का ऑपरेशन अंकुश सफल

पेशी के दौरान फरार गैंगरेप के दोषी दो आरोपी गिरफ्तार, जशपुर पुलिस का ऑपरेशन अंकुश सफल

जशपुर :- पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार गैंगरेप के दो दोषियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वे अप्रैल 2025 में कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस को धक्का देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने एक को झारखंड और दूसरे को रायगढ़ से कुनकुरी आते समय गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नेल्सन खाखा (25 वर्ष) को झारखंड राज्य के सिमडेगा जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र के ग्राम सांबा से गिरफ्तार किया गया। वहीं डीक्सन खाखा (30 वर्ष) को रायगढ़ से कुनकुरी लौटते समय पुलिस ने ट्रेस कर पकड़ा। दोनों आरोपी थाना दुलदुला क्षेत्र के एक गंभीर प्रकरण में नाबालिग से अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के दोषी थे और पहले से जेल में निरुद्ध थे।

घटना का मूल मामला 27 दिसंबर 2022 को दर्ज हुआ था, जब थाना कांसाबेल क्षेत्र की 15 वर्षीय नाबालिग ने दुलदुला थाने में रिपोर्ट दी थी कि 26 दिसंबर को वह अपनी सहेली के गांव गई थी, जहां शाम को आरोपी नेल्सन खाखा ने उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी के साथी डीक्सन खाखा और सौरभ ने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।

प्रकरण में तीनों के खिलाफ धारा 363, 366 और 376 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था। 11 अप्रैल 2025 को पेशी के दौरान नेल्सन और डीक्सन खाखा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। उसी शाम दोनों आरोपी बंदीगृह ले जाते समय पुलिस को धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विशेष टीम गठित की थी। साथ ही पुलिस के मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को सक्रिय किया गया। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और पुलिस की पकड़ से दूर रहने का प्रयास कर रहे थे।

मुखबिर व तकनीकी टीम की सहायता से पुलिस को जानकारी मिली कि नेल्सन खाखा झारखंड के कुरडेग क्षेत्र में है और डीक्सन खाखा रायगढ़ से कुनकुरी की ओर मालवाहक वाहन से आ रहा है। इसके बाद दो टीमों ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए नेल्सन को झारखंड से और डीक्सन को कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपियों को शरण व सहायता देने वाले माइकल खाखा (कुनकुरी), रितेश कुजूर (जशपुर) और सुदीप मिंज (दुलदुला) के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल से निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनील सिंह, तथा थाना कुनकुरी से निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता, नंदलाल यादव और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन अंकुश आगे भी जारी रहेगा।

Views: 0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker