
सिंगीबहार–अबीरा मार्ग की मरम्मत पर बीडीसी संध्या तिग्गा का सख्त रुख, सीएम विष्णुदेव साय का जताया आभार बोलीं, बरसात में कीचड़ अब धूल के गुब्बार से परेशान ग्रामीण।
जशपुर। सिंगीबहार – अबीरा मार्ग की मरम्मत कार्य को लेकर जनपद की बीडीसी संध्या तिग्गा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा सड़क मरम्मत के लिए 3.16 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किए जाने पर उन्होंने आभार जताया, साथ ही कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीडीसी संध्या तिग्गा ने कहा कि “मैं खुद इसी सड़क के किनारे निवास करती हूं, मेरा घर इसी मार्ग से सटा हुआ है। इसलिए मैं कार्य की हर स्थिति पर नजर रखूंगी। अगर गुणवत्ता में कमी दिखी तो मैं स्वयं सड़क पर उतरकर विरोध करूंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि “बरसात भर लोग कीचड़ से परेशान रहे, अब मरम्मत के दौरान धूल के गुब्बारे से आमजन परेशान हैं। इसलिए मैं चाहती हूं कि कार्य तेजी से और गुणवत्ता के साथ पूरा हो।”
5.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत में बीडीसी ने ठेकेदार को निर्देश दिया है कि मिट्टी की खुदाई कम से कम 1 से 2 फीट तक की जाए, फिर मुरूम फिलिंग के बाद पानी डालकर प्रेसर रोलर से पर्याप्त कम्पेक्शन किया जाए, तभी जीएसबी बिछाई जाए।
पंच कलावती बाई ने कहा कि “सिंगीबहार–अबीरा मार्ग से रोज़ाना 300 से 400 भारी वाहन गुजरते हैं। यह सड़क झारखंड सीमा के सिमडेगा को जोड़ती है। अगर मरम्मत कार्य में लापरवाही हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”
ग्रामीण दिलीप यादव ने भी कहा कि “पूर्व ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा जनता ने भुगता है। अब भी मिट्टी को बिना मुरूम फिलिंग के वापस डाला जा रहा है। यदि अनियमितता पाई गई तो कार्य बंद करवाया जाएगा।”
गौरतलब है कि इसी सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व में चक्का जाम कर विरोध भी किया था। अब मरम्मत कार्य शुरू हुआ है, लेकिन गुणवत्ता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की पैनी नजर बनी हुई है।
Views: 0




