
Cg mirror news: नक्सलियों ने जियो टावर में लगाई आग, अमित शाह के दौरे से पहले दहशत फैलाने की साजिश…पढ़ें पूरी खबर
बीजापुर – जिले की बीजापुर तहसील के ग्राम चिन्नाकवाली में नक्सलियों ने जियो नेटवर्क के मोबाइल टावर में आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। आधी रात को हुई इस घटना की पुष्टि एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात नक्सलियों ने गांव में स्थापित जिओ मोबाइल टावर को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में नेटवर्क सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी अन्य घटना को रोका जा सके। बताया जा रहा है कि यह घटना केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दंतेवाड़ा दौरे से ठीक एक रात पहले घटित हुई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त टावर की मरम्मत कर नेटवर्क सेवा जल्द बहाल करने का भरोसा दिलाया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
Views: 0




