
CG Mirror News
जशपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नगर पंचायत कोतबा के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 51.73 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित 28 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोतबा सहित पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनसे शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, जल, न्यायिक सुविधा और अधोसंरचना को नई गति मिलेगी।
जल, स्वास्थ्य और शिक्षा को मिली नई ताकत
मुख्यमंत्री ने 9.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कोतबा जल आवर्धन योजना का लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्र के 8,500 से अधिक नागरिकों को घर-घर शुद्ध पेयजल मिलेगा।
साथ ही उन्होंने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन कर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया।
शिक्षा क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए कोतबा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन निर्माण की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
प्रेस क्लब, खेल और शासकीय सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने 25 लाख रुपये की लागत से बने पत्थलगांव प्रेस क्लब भवन का भी लोकार्पण किया। यह भवन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। युवाओं और खिलाड़ियों की मांग पर कोतबा में इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई। साथ ही नगर पंचायत में रेस्ट हाउस निर्माण कर शासकीय आगंतुकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा हुई।
न्याय और जनसुविधा में सुधार मुख्यमंत्री ने कोतबा में तहसील लिंक कोर्ट और बागबहार में सप्ताह में एक दिन एसडीएम लिंक कोर्ट स्थापित करने की घोषणा की, जिससे लोगों को न्याय के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। कोकियाखार में सामुदायिक भवन निर्माण तथा जल आवर्धन योजना हेतु अतिरिक्त राशि वहन करने की भी घोषणा की गई। सुशासन और जनकल्याण की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। अब तक 26 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 15 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जा रही है। रामलला दर्शन योजना से 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी यात्रा कराई गई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों की दर 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपये की गई है। उन्होंने बताया कि पीएससी अनियमितताओं की जांच सीबीआई को सौंप कर दोषियों पर कार्रवाई की गई है और नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है।
विकास की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू नई औद्योगिक नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है।
उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि अधिकारी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीआईजी श्री शशिमोहन सिंह, डीएफओ श्री शशि कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Views: 0




