
CG Mirror News
जशपुर :- तपकरा रेंज क्षेत्र के सिंगीबहार अंतर्गत धवाईटोली जंगल में हाथियों के दल के बीच फंसे एक परिवार का वन विभाग की टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू किया। गुरुवार, 3 सितंबर शाम को हुई इस कार्रवाई में जंगल के भीतर करीब 700 मीटर अंदर बने कच्चे मकान में रह रहे जयगोपाल नामक उर्फ़ रिझन मांझी वैद्य और उनके 10 सदस्यीय परिवार को सुरक्षित बाहर निकालकर बगियाकनी बस्ती में शिफ्ट किया गया।
बताया गया कि जयगोपाल अपने परिवार के साथ लंबे समय से जंगल के अंदर कच्चा मकान बनाकर रह रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में हाथियों का दल पहुंच गया। हाथियों के चिंघाड़ने और मकान के बेहद करीब मौजूदगी के कारण परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर की मदद से परिवार के सभी सदस्यों को जंगल के अंदर से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को बगियाकनी बस्ती में जगमोहन यादव के मकान में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान हाथियों का दल मकान के समीप ही मौजूद था और लगातार चिंघाड़ रहा था। ऐसे में परिवार को सुरक्षित निकालना वन विभाग की टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए सभी लोगों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। तपकरा रेंजर प्रवीण वर्मा के निगरानी में रेस्क्यू अभियान में अनिल प्रधान बिट गार्ड BFO नरेश कुजूर, वन समिति अध्यक्ष बानेश्वर चौहान, RRT साहिल कुजूर और RRT सुखदेव यादव ट्रैक्टर चालक प्रिंस टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही । वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
Views: 0




