
चिरायु योजना से अमीषा को मिली नई जिंदगी : सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में हुआ हृदय रोग का सफल ऑपरेशन,परिजनों ने सीएम साय का जताया आभार।
जशपुर :- राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी चिरायु योजना अब जरूरतमंद परिवारों के लिए सच्चे अर्थों में जीवनदाता साबित हो रही है। इस योजना ने न केवल हजारों बच्चों को स्वस्थ जीवन दिया है, बल्कि असंख्य परिवारों के चेहरों पर मुस्कान भी लौटाई है। इसी क्रम में जशपुर जिले की 11 वर्षीय अमीषा केरकेट्टा का हृदय रोग से निःशुल्क सफल उपचार कर उसे नई जिंदगी मिली है।
मनोरा विकासखंड के ग्राम ओरडीह निवासी किसान अशोक केरकेट्टा की पुत्री अमीषा जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी। बार-बार तबीयत बिगड़ने से परिवार परेशान था। जिला चिकित्सालय जशपुर में चिरायु टीम द्वारा जांच के दौरान बीमारी का पता चला। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने इलाज का खर्च उठाना असंभव था, तभी डॉक्टरों ने उन्हें चिरायु योजना की जानकारी दी।
योजना के तहत अमीषा को श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नया रायपुर में निःशुल्क भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उसका सफल ऑपरेशन किया। अब अमीषा पूरी तरह स्वस्थ है और पहले से अधिक उत्साहित व ऊर्जावान जीवन जी रही है।
परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और अस्पताल के चिकित्सकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि “गरीब परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है, जिसने हमारे बच्चे को नई जिंदगी दी है।”
उल्लेखनीय है कि चिरायु योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है। जांच के बाद 44 प्रकार की बीमारियों की पहचान कर बच्चों का उपचार किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार की ओर से बच्चों को देश के उत्कृष्ट अस्पतालों में निःशुल्क इलाज हेतु भेजा जाता है।
चिरायु योजना — हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य की गारंटी
Views: 0




