
पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद जारी कुनकुरी में महेंद्रा स्कॉर्पियो से 5 गौ-वंश बरामद, तस्कर फरार।
जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना कुनकुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मायली में पुलिस ने गौ-तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 5 नग गौ-वंशों को मुक्त कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की रात एसएसपी को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो (वाहन क्रमांक CG-13C-1151) में कुछ तस्कर गौ-वंशों को झारखंड की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी की योजना बनाई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।
करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद, रात लगभग 2 बजे मायली पत्थर खदान रोड के पास पुलिस को देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। जब पुलिस ने वाहन की जांच की, तो उसके पीछे की सीट निकालकर 5 नग गौ-वंशों को बेरहमी से रस्सी से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
पुलिस ने मौके से गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया और स्कॉर्पियो वाहन को भी जप्त कर लिया है। बरामद पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण पशु चिकित्सक से कराया गया। फरार तस्करों की तलाश जारी है और वाहन नंबर के आधार पर पुलिस उनके नजदीक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक नंदलाल यादव और राज कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि – “ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस लगातार गौ-तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। इस घटना में पुलिस ने नाकाबंदी कर तस्करों की योजना नाकाम की, गौ-वंशों को छुड़ाया और वाहन जप्त किया। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
Views: 0




