
सिमडेगा। झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने जिले की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति और उसके व्यापक आर्थिक प्रभावों का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से उठाया। विधायक ने राऊरकेला से सिमडेगा होते हुए रांची तक के मुख्य मार्ग तथा सिमडेगा से कुरडेग और तपकरा तक के सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग रखी, जिस पर सदन में चर्चा हुई।
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि यह सड़कें केवल यातायात का साधन नहीं हैं, बल्कि झारखंड, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के बीच व्यापार, आयात-निर्यात और औद्योगिक गतिविधियों की रीढ़ हैं। राऊरकेला औद्योगिक क्षेत्र से झारखंड तक आने वाला माल, खनिज, कृषि उत्पाद और आवश्यक वस्तुएं इसी मार्ग से गुजरती हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण व्यापारिक वाहनों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है और समय व लागत दोनों बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फोरलेन सड़क बनने से ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के साथ व्यापारिक संपर्क मजबूत होगा। इससे झारखंड के उत्पादों का आयात-निर्यात सुगम होगा, स्थानीय किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
विधायक ने सदन को अवगत कराया कि राऊरकेला–सिमडेगा–रांची मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रक, ट्रेलर, भारी वाहन और यात्री बसें गुजरती हैं, लेकिन सड़क संकरी और जर्जर होने के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। फोरलेन निर्माण से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
वहीं सिमडेगा से कुरडेग और तपकरा तक का मार्ग ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों को जोड़ता है। इस मार्ग से कृषि उपज, वन उत्पाद और रोजमर्रा की जरूरतों का परिवहन होता है, लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फोरलेन या चौड़ी सड़क बनने से इन क्षेत्रों का आर्थिक और सामाजिक विकास तेज होगा।
सरकार की ओर से सदन में जानकारी दी गई कि सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य राशि की उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा। कुछ हिस्सों में डबल लेन सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य जारी है, जबकि शेष हिस्सों के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।
विधायक भूषण बाड़ा ने सरकार से मांग की कि इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों को प्राथमिकता में लेते हुए स्पष्ट कार्ययोजना और समय-सीमा तय की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित फोरलेन निर्माण की मांग को जल्द पूरा किया जा सके और सिमडेगा जिले को सुरक्षित, आधुनिक और आर्थिक रूप से मजबूत सड़क नेटवर्क मिल सके।
Views: 0




