अवैध धान परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, दो पिकअप व एक ट्रैक्टर से 84 क्विंटल धान जब्त
जशपुर। धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की सख्त निगरानी लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने थाना फरसाबहार, तुमला एवं चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहन और एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 1 लाख 93 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना तुमला एवं फरसाबहार क्षेत्र में उड़ीसा राज्य से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही दोनों मामलों में पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। थाना तुमला क्षेत्र में एक बिना नंबर पिकअप वाहन से 24 क्विंटल धान, जबकि थाना फरसाबहार क्षेत्र में पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-A-4175 से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। दोनों वाहनों सहित धान को कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है तथा वाहन मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम सुलेसा के पास कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 को पकड़ा, जिसमें 100 बोरियों में लगभग 40 क्विंटल धान लोड था। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक वैध दस्तावेज एवं टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर ट्रैक्टर सहित धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।
बताया गया कि अवैध धान परिवहन के विरुद्ध जशपुर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। सरहदी मार्गों पर नाकाबंदी, संदिग्ध इलाकों में पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, चौकी प्रभारी पंडरापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Views: 0




