
जशपुर,राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जशपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राष्ट्रपति आगामी 30 दिसंबर 2025 को झारखंड के गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित मांझाटोली में आयोजित अंतर्राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह सह कार्तिक जतरा कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान उनका आगमन जशपुर जिले के आगडीह हवाई अड्डे पर प्रस्तावित है, जहाँ से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने सोमवार को आगडीह हवाई अड्डे का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तैयारियों में किसी भी प्रकार की चूक न होने के सख्त निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री व्यास ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं संपर्क मार्गों की बेहतर व्यवस्था, साफ-सफाई, रोड मार्किंग, सुव्यवस्थित पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, सेफ हाउस की व्यवस्था तथा मार्ग के दोनों ओर झाड़ियों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के आगमन को लेकर समन्वित तैयारी तेज़ कर दी गई है और सभी विभागों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Views: 0




