
रिश्तों का खौफनाक अंत ! प्रेम संबंध और जमीन विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या, शव को रेत में दफनाया । जशपुर पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा।
जशपुर :- जिले के दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती में एक दिल दहला देने वाली हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 58 वर्षीय महिला हरावती बाई की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कई दिनों तक घर में छिपाकर रखा गया और बदबू फैलने पर रात के अंधेरे में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफना दिया गया। जशपुर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के पुत्र भूषण राम का पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। वहीं दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने मिलकर हरावती बाई का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव कई दिनों तक घर के भीतर ही पड़ा रहा। जब शव से तेज दुर्गंध आने लगी और राज खुलने का खतरा बढ़ा तो तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को घर से निकालकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें।
30 जुलाई को गांव में मकान से दुर्गंध आने और बाहर ताला लगे होने की सूचना पर दोकड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जहां रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।
पूछताछ में मृतका के पुत्र भूषण राम ने पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शव दफनाने में इस्तेमाल फावड़ा समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए। पुलिस ने श्यामपति बाई (42), बुधमति बाई (65) और भूषण राम (29) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला हत्या मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
Views: 0




