
ऑपरेशन आघात में बड़ी सफलता: जशपुर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ युवक को दबोचा
जशपुर :- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नारायणपुर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवा स्पास्मो प्रोक्सीवॉन प्लस (SPASMO PROXYVON PIUS) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 90 नग कैप्सूल और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्यवाही
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुरकुंगा निवासी मनीष नेगी (उम्र 19 वर्ष) नामक युवक प्रतिबंधित नशीली दवा लेकर ग्राम कोटिया से ग्राम करमा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी नारायणपुर आर. एस. पैंकरा की टीम ने ग्राम कोटिया के पास नाकेबंदी की।
नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोका गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मनीष नेगी बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से प्लास्टिक पॉलीथिन में लिपटा हुआ 12 पत्ता में कुल 90 नग प्रतिबंधित स्पास्मो प्रोक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किया गया। आरोपी दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। पूछताछ में मनीष नेगी ने अपराध स्वीकार किया, और पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी आर. एस. पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुजूर, आरक्षक मनोज एक्का, नगर सैनिक ओम प्रकाश यादव और अमित तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी या उपयोग में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Views: 0



