
विष्णु के सुशासन में शिक्षा को नई उड़ान, कुनकुरी के रेमते में बन रहा हॉर्टीकल्चर कॉलेज , जिले सहित विधानसभा क्षेत्र के लिए सरकार की बड़ी उपलब्धि।
जशपुर :- छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही सुशासन की सरकार लगातार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम रेमते में बन रहा हॉर्टीकल्चर (उद्यानिकी) कॉलेज सरकार की एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। यह परियोजना न केवल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाली है, बल्कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी।
रेमते में बन रहे इस कॉलेज का निर्माण कार्य मेसर्स रामनिवास अग्रवाल कंस्ट्रक्शन , भाटापारा रायपुर द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी कुल लागत 9.60 करोड़ रुपये है । वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और गुणवत्ता के साथ इसे समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा भी कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण और आदिवासी अंचलों तक उच्च शिक्षा के संस्थानों की पहुँच सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाती है। अब तक जशपुर जैसे सीमावर्ती जिले के विद्यार्थियों को हॉर्टीकल्चर की पढ़ाई के लिए रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था, लेकिन रेमते में कॉलेज बनने से यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।
इस कॉलेज के शुरू होने से आसपास के सैकड़ों गांवों के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। युवाओं को अब अपने ही जिले में उद्यानिकी, फल-फूल उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन, आधुनिक खेती तकनीक, जैविक कृषि और कृषि अनुसंधान जैसी पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इससे न सिर्फ रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
किसानों के लिए भी यह कॉलेज किसी वरदान से कम नहीं होगा। यहां से प्रशिक्षित विद्यार्थी क्षेत्र में नई तकनीक लाकर खेती को लाभ का व्यवसाय बना सकेंगे । फल, सब्जी और फूलों की उन्नत खेती से किसानों की आमदनी बढ़ेगी और जशपुर की पहचान एक हॉर्टीकल्चर हब के रूप में बनेगी।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विष्णु के सुशासन में शिक्षा और विकास सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर साफ नजर आ रहा है। रेमते में बन रहा हॉर्टीकल्चर कॉलेज आने वाले वर्षों में जशपुर जिले को शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा । यह सचमुच सरकार की एक दूरगामी और ऐतिहासिक उपलब्धि है ।
Views: 0



