
पारिवारिक विवाद में टूट गई ज़िंदगी की डोर – पति ने पत्नी पर हमला कर खुद की ली जान..।
पत्थलगांव (जशपुर) । जशपुर जिले के पाकरगांव में एक पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते दो जिंदगियों को तबाह कर दिया। मामूली कहासुनी के बाद पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के अनुसार, पाकरगांव निवासी पीताम्बर मिंज (34 वर्ष), पिता सुंदर मिंज, का अपनी पत्नी मेरिग्रेस से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि पीताम्बर ने आपा खोते हुए चाकू से मेरिग्रेस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वह खून से लथपथ ज़मीन पर गिर पड़ी। परिवार के अन्य सदस्य तुरंत उसे लेकर पत्थलगांव अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायगढ़ के श्री एजी अस्पताल रेफर किया गया है।
इस बीच, पीताम्बर को लगा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। यह सोचकर वह डर और आत्मग्लानि से भर गया। घर में अकेला रहकर उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं डॉक्टरों की टीम मेरिग्रेस की हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि कैसे गुस्से और असंयम से भरे एक पल का खामियाजा पूरे जीवन को तबाह कर सकता है।
Views: 0




