
चुपके-चुपके झारखंड से लाया जा रहा था ज़हर, जशपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश -30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
जशपुर :- जिले में नशे का कारोबार करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। ऑपरेशन आघात के तहत चौकी मनोरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, अवैध रूप से लाई जा रही 30 लीटर देसी कच्ची महुआ शराब को जब्त कर एक आरोपी को धर दबोचा।
शराब को बेहद शातिर तरीके से टाटा सूमो वाहन में सीट के नीचे छुपाकर ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से यह खेल ज्यादा देर तक नहीं छुप सका।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति लाल रंग की टाटा सूमो (JH 01 BP-8548) में झारखंड से जशपुर की ओर अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना पर चौकी मनोरा पुलिस ने ग्राम खरसोता के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। उसी दौरान संदिग्ध वाहन आता दिखा, जिसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने गाड़ी भगा दी।
तेजी से पीछा करते हुए पुलिस टीम ने गाड़ी को मनोरा गड़ियोटोली के पास पकड़ लिया, जहाँ वह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 5 जरकिन में 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मुंताज अंसारी पिता क्यूंम अंसारी (40 वर्ष) निवासी जवाहरनगर, थाना कुसमी, बलरामपुर (छ.ग) के रूप में हुई है। उसने कबूल किया कि वह गोविंदपुर, झारखंड से शराब लेकर आ रहा था। पूछताछ में वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
आरोपी के खिलाफ 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश पुरैना, प्रधान आरक्षक वितीन राम, आरक्षक रोशन पैंकरा, जगजीवन यादव और भीखराम भगत की अहम भूमिका रही।
एसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
Views: 0




