
एक साथ गए थे खेलने..लौटे नहीं- गांव में पसरा मातम,हर आंख हुई नम
सरगुजा:- ग्राम पंचायत केरजू में बीते शाम एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे गांव को गम और सन्नाटे में डुबो दिया। दो घरों के चिराग एक साथ बुझ गए और खेलते-खेलते मासूमों की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 वर्षीय आरव अग्रवाल (पुत्र नवीन अग्रवाल) और 7 वर्षीय अंश अग्रवाल (पुत्र संजय अग्रवाल), रोज की तरह घर के पास मौजूद अपने दोस्तों के साथ खेल रहे थे। दोनों बच्चे अपनी-अपनी साइकिल तालाब के पास धोने गए थे, लेकिन अचानक फिसलने के कारण दोनों तालाब में जा गिरे। पास में मौजूद अन्य बच्चों ने यह दृश्य देखा और शोर मचाया।
गांव के लोग मौके पर दौड़े और बच्चों को तुरंत बाहर निकाल कर कांसाबेल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरव और अंश पड़ोसी भी थे और गहरे दोस्त भी। उनकी जोड़ी गांव में हमेशा एक साथ देखी जाती थी – खेलते, साइकिल चलाते, हँसते-झगड़ते। इस घटना ने सिर्फ दो परिवारों ही नहीं, पूरे गांव की रूह को झकझोर दिया है।
गांव में मातम पसरा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से विदाई दी। गांव के हर घर में एक ही चर्चा है – “काश… तालाब सुरक्षित होता, काश… कोई व्यवस्था होती।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से यह मांग की है कि तालाबों के आसपास मजबूत सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएँ, ताकि भविष्य में ऐसे मासूम जीवन असमय न छिन जाएँ। गांव की सरपंच ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उचित कार्रवाई और तालाब के चारों ओर बाउंड्री निर्माण की मांग जिला प्रशासन के समक्ष रखने की बात कही है।
Views: 0




