
पंचायत चुनाव में 9 पंच को प्लेटीना देकर बना उपसरपंच मामला पहुंचा कोर्ट , गांव में चर्चा “बाइक से बनी पंचायती सरकार”!
रायपुर :- जनपद पंचायत बरमकेला के ग्राम पंचायत मारोदरहा में उप सरपंच पद को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में पंचायत राजनीति की सवारी बदल दी है। आरोप है कि उप सरपंच बनने के लिए एक पंच ने बाकायदा प्लेटीना मोटरसाइकिलें बांटकर वोट खरीदे और अब ये मामला सीधा कोर्ट की रफ्तार पर है। 10 मार्च 2025 को हुए चुनाव में पंच दिनेश डनसेना पर आरोप है कि उन्होंने अपने पक्ष में वोट डलवाने के लिए कुल 9 निर्वाचित पंचों को 100cc की नई प्लेटीना मोटरसाइकिलें गिफ्ट कीं। यह “ग्राम विकास योजना” चंद्रपुर (जिला सक्ती) के एक ऑटो शोरूम से संचालित बताई जा रही है।
मोटरसाइकिल पाने वाले पंचों में शामिल हैं:
वार्ड 1 के तेजराम उनसेना, वार्ड 2 के शक्राजीत साहू, वार्ड 4 की मोंगरा साहू, वार्ड 7 के संजय सिदार, वार्ड 8 की सुनीता सिदार, वार्ड 11 की हुलसी बाई, वार्ड 12 की शकुंतला पटेल और वार्ड 15 की गंधरवी चौहान। विपक्षी पक्ष ने इस कथित सौदेबाज़ी के खिलाफ कोर्ट में याचिका लगाई, लेकिन एसडीएम कोर्ट बरमकेला की जरूरी फाइल अब तक समय पर पेश नहीं हो सकी। जिससे मामला अगली तारीखों में ही उलझता जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जानबूझकर देरी की जा रही है ताकि आरोपी पक्ष को समय और राहत मिलती रहे। सूत्रों के अनुसार, कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई हैं जिनमें सौदे की बातों के संकेत मिले हैं।
गांव में चर्चा तेज – “अब पंचायत में बाइक से बनती है सरकार!”
गांव के लोग मज़ाक में कह रहे हैं “जिसके पास प्लेटीना है, उसी के पास वोटों की चाबी है।” अब पंचायतें विकास के मुद्दों से नहीं, गियर और माइलेज से तय होंगी क्या?
Views: 0




