
उत्साह और आस्था का मिला संगम, अनंत चतुर्दशी पर गणपति बप्पा को दी विदाई।
जशपुर। जिलेभर में कल अनंत चतुर्दशी का पर्व भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गणेश महोत्सव के समापन अवसर पर फरसाबहार, सिंगीबहार, तपकरा, पंडरीपानी, नारायणपुर, बगीचा, पत्थलगाँव, कुनकुरी, कांसाबेल, दुल्दुला और मनोरा सहित पूरे इलाके में गणपति विसर्जन शोभायात्राएँ निकाली गईं।
भोर से ही मंदिरों और पंडालों में भक्तों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की आरती कर समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद बप्पा को विदाई देने हजारों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त नाचते-गाते दिखाई दिए।
गांव से लेकर कस्बों तक की गलियाँ “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से गूँज उठीं। युवाओं की टोली जहां शोभायात्रा में उत्साह भर रही थी, वहीं महिलाएँ और बच्चे आरती व पुष्पांजलि अर्पित कर भगवान से आशीर्वाद मांग रहे थे।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर पूरे जिले में भक्ति और भाईचारे का अनोखा नजारा देखने को मिला। लोगों ने कहा कि बप्पा की विदाई के साथ ही अगले वर्ष पुनः अधिक उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया जाएगा।
Views: 0




