
जशपुर। कांसाबेल थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी इलाज का झांसा देकर युवती को अंबिकापुर से जशपुर ला रहा था और रास्ते में जंगल में वारदात को अंजाम दिया।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 15 दिसंबर 2025 को अंबिकापुर जिले की 31 वर्षीय युवती ने थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता घर-घर जाकर घरेलू काम करती है। करीब एक वर्ष पूर्व अंबिकापुर के एक मंगल भवन में आयोजित आयुर्वेदिक डॉक्टरों की बैठक के दौरान उसकी मुलाकात राम प्रताप सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने स्वयं को आयुर्वेदिक डॉक्टर बताया। पीड़िता ने पैर में दर्द की समस्या बताई, जिसके बाद आरोपी ने इलाज का भरोसा दिलाते हुए अपना मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद दोनों के बीच दवाइयों को लेकर बातचीत होती रही।
14 दिसंबर 2025 को आरोपी ने फोन कर बताया कि उसके सीनियर डॉक्टर जशपुर आ रहे हैं और वह वहां बेहतर इलाज करवा देगा। आरोपी की बातों में आकर युवती उसके साथ जशपुर जाने को तैयार हो गई। आरोपी अंबिकापुर में युवती को मोटरसाइकिल से लेकर जशपुर की ओर रवाना हुआ। रास्ते में कांसाबेल से कुछ दूरी पर जंगल में आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर बाइक रोकी। इसी दौरान आरोपी ने युवती को झाड़ियों में खींच ले जाकर, विरोध करने के बावजूद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और घटना किसी को न बताने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जशपुर की ओर ले जा रहा था। कुनकुरी में एक होटल के पास युवती ने गर्म पानी पीने का बहाना बनाया। इसी दौरान आरोपी फोन पर व्यस्त था, मौके का फायदा उठाकर युवती ने होटल संचालक को आपबीती बता दी। होटल संचालक ने तत्काल थाना कुनकुरी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया।
चूंकि घटना स्थल थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत था, इसलिए पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में आरोपी राम प्रताप सिंह उम्र 31 वर्ष के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-30-G-5415 को भी जप्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, आरक्षक शिवनंदन भगत एवं नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Views: 0




