
ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 17 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, दो आरोपी जेल।
जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 17 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया, वहीं दो शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई थाना दुलदुला और कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, तस्कर गौवंशों को पैदल, जंगल के रास्तों से, बेरहमी से मारते-पीटते हुए अंतरराज्यीय तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहे थे। समय रहते पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और तस्करी को नाकाम कर दिया।
दुलदुला क्षेत्र की कार्रवाई
दिनांक 18 दिसंबर 2025 को थाना दुलदुला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरहदी ग्राम बनगांव-बंगुरकेला के जंगल मार्ग से कुछ लोग भारी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की, जिसमें से एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि दो अन्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम नरेंद्र यादव (44 वर्ष), निवासी ग्राम रायडीह, थाना दुलदुला बताया। पूछताछ में उसने गौवंशों को उड़ीसा राज्य के सुंदरगढ़ जिले के सिकाजोर ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके कब्जे से 07 नग गौवंश सकुशल बरामद किए, जिनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अलेक्सियूस तिग्गा एवं अकबर चौहान की अहम भूमिका रही।
कुनकुरी क्षेत्र की कार्रवाई
वहीं, दिनांक 20 दिसंबर 2025 को थाना कुनकुरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बेहराटोली–पाकरकूद मार्ग से कुछ लोग 10 नग गौवंशों को पैदल मारते-पीटते हुए ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसमें एक तस्कर को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद कासिम आलम उर्फ जुम्मन (36 वर्ष), निवासी ग्राम लोधमा, थाना कुनकुरी बताया। उसने स्वीकार किया कि गौवंशों को आसपास के इलाकों से खरीदकर गोविंदपुर (झारखंड) ले जाया जा रहा था। आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 नग गौवंश बरामद किए, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे एवं आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कानूनी कार्रवाई
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत पिछले दो दिनों में 17 नग गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया है और दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
Views: 0




