
CG Mirror News
जशपुर । वन संपदा और वन क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वनमण्डल जशपुर के तपकरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कोल्हेनझरिया परिसर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान कथित अवैध मिट्टी उत्खनन के मामले में विभागीय टीम ने उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य वन विभाग की अनुमति धारा 3(2) के तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार किया जाना था। अनुमति के मुताबिक सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर निर्धारित थी, लेकिन आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित सीमा का पालन नहीं किया गया। सड़क के शोल्डर निर्माण के नाम पर वन क्षेत्र से मिट्टी निकालकर उत्खनन किया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्धारित अनुमति की सीमा से बाहर जाकर मिट्टी उत्खनन किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि जेसीबी मशीन के संचालक/मालिक कमल यादव द्वारा निर्धारित शर्तों के विपरीत कार्य किए जाने का आरोप है। जब्त मशीन को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं विभागीय प्रक्रिया के लिए उच्च कार्यालय भेजने की कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में वन विभाग की टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्राधिकारी तपकरा प्रवीण वर्मा, परिक्षेत्र सहायक गोबिंद राम यादव, बीएफओ नंदकुमार यादव, अमित कुमार पाणिग्राही, नरेश कुजूर, अरविंद, रामकृष्ण, अनिल प्रधान सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वन क्षेत्र में मनमानी पर विभाग की सख्ती!
वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य निर्धारित अनुमति और शर्तों के अनुरूप ही किया जाना अनिवार्य है। ऐसे में अनुमति की सीमा से बाहर जाकर मिट्टी उत्खनन किए जाने का मामला वन संरक्षण और विभागीय नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। जेसीबी जब्ती की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। अब आगे की विभागीय जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Views: 0




