
ब्रेकिंग जशपुर :- कुनकुरी दशहरा मेला में बवाल दो भाइयों ने रावण दहन से पहले पुतले में लगाई आग, समिति सदस्यों से मारपीट कुनकुरी में एफआईआर दर्ज।
जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब दो भाइयों ने बिना अनुमति के रावण का पुतला जला दिया और सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से गाली-गलौज व मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुनकुरी के व्यापारी पंकज अग्रवाल पिता मुरारीलाल अग्रवाल और उनके बड़े भाई नीरज अग्रवाल ने 2 अक्टूबर की रात रावण दहन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुतले में आग लगा दी। समिति के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो दोनों भाइयों ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने थाना कुनकुरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पंकज अग्रवाल और नीरज अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 296, 315(2), 351(2), 300, 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की गई और दोनों आरोपियों पर गंभीर धाराओं में अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी पता तलाशी और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष दीपक हेडा ने बताया कि आरोपी को मौके पर कई बार समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसने समिति के पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की। इसके बाद भी समिति ने तत्काल कोई शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में आरोपी ने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर अपनी दबंगई की रील डालकर ‘ना पैसे की परवाह, ना पावर का खौफ’ वाला डायलॉग पोस्ट किया, जिससे नगर में आक्रोश फैल गया।
‘‘ दीपक हेडा ने कहा…
“हमारा उद्देश्य है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। भूल की माफी हो सकती है, लेकिन अपराध के लिए सजा जरूरी है।”
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। कुनकुरी नगर में इस घटना को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है।
Views: 0




