
CG Mirror News
रायगढ़। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती एक युवती के लिए कथित तौर पर बेहद दर्दनाक अनुभव में बदल गई। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद प्रेम और शादी का भरोसा देकर युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाने तथा बाद में शादी से इंकार करने के आरोप में पुसौर पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने 7 सितंबर 2026 को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान आरोपी ने युवती से प्रेम का इजहार करते हुए उससे शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।
कॉलेज के पास बुलाया, होटल ले जाकर संबंध बनाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 15 अक्टूबर 2025 को युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। इसके बाद उसे होटल ले गया, जहां युवती ने आरोपी पर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। युवती का कहना है कि इसके बाद मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जब युवती ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो कथित तौर पर युवक विवाद करने लगा और उसे वहां से भगा देता था।
शादी के नाम पर 45 हजार रुपये लेने का भी आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपये लिए, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
घटना की जानकारी युवती ने अपने माता-पिता और सहेली को दी। इसके बाद वह थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने युवती की शिकायत पर अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज करते हुए धारा 69 बीएनएस के तहत मामला कायम किया। पुलिस ने पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी से कथन दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण भी कराया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस तथा उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार साव (24), पिता समय लाल साव, निवासी ग्राम बुनगा, थाना पुसौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई है।
Views: 0




