
हाईवे पर पलटा ट्रक, स्टेयरिंग फेल से हुआ हादसा, पुलिस और राहगीरों की मदद से चालक की बची जान
जशपुर : काईकछार में ट्रक का स्टेयरिंग जाम हो जाने के कारण चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे ट्रक हाईवे से नीचे उतरकर पलट गया। दुर्घटना में चालक का पैर गाड़ी के केबिन में फंस गया था। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आम नागरिकों की मदद से चालक को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक कोलकाता से टावर लगाने का सामान लेकर अनूपपुर (मध्यप्रदेश) जा रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करें और तुरंत पुलिस या नजदीकी अस्पताल को सूचित करें। उनका कहना है कि नागरिकों का एक छोटा सा प्रयास किसी की जान बचा सकता है। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 11 जुलाई 2025 की सुबह थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम काईकछार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर एक ट्रक के पलटने की सूचना प्राप्त हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली व ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक ट्रक पलटा हुआ मिला जो टावर लगाने के सामान से भरा हुआ था। चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में गाड़ी के केबिन में फंसा हुआ था और उसका पैर सरिया में दबा हुआ था। पुलिस टीम और ग्राम काईकछार के नागरिकों ने मिलकर तीन घंटे की कठिन मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे प्राथमिक इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर भेजा गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में घायल चालक की पहचान शाहबाज खान (उम्र 35 वर्ष, निवासी हावड़ा, कोलकाता) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, आरक्षक विकास टोप्पो, आरक्षक रवि कुमार राम, नगर सैनिक रवि डनसेना और ग्राम काईकछार के नागरिकों की अहम भूमिका रही ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई कर घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने पुनः अपील की कि दुर्घटना की स्थिति में बिना घबराए घायलों की सहायता करें और तत्काल संबंधित विभागों को सूचना दें।
Views: 0




